उत्तराखंड में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के तहत अब अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन भी ऑनलाइन खाते में ट्रांसफर किया जाएगा।
कोषागार से रकम सीधे शिक्षकों के खाते में जाएगी। यानी इन शिक्षकों को अब तनख्वाह के लिए चक्कर नहीं काटने होंगे। अशासकीय स्कूलों के शिक्षणेतर कर्मचारियों को भी यह लाभ मिलेगा। अशासकीय विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों का वेतन अब तक कोषागार से चैक के माध्यम से प्रबंधक एवं वित्त अधिकारी के संयुक्त खाते में जमा होता था।
इसके बाद प्रबंधक शिक्षकों के खातों में रकम डाली जाती थी। इससे कई बार वेतन मिलने में देरी की दिक्कत होती थी। लेकिन अब इन शिक्षकों, कर्मचारियों को सीधे कोषागार से जोड़ा जा रहा है। शिक्षा विभाग की वित्त नियंत्रक अमिता जोशी ने समस्त मुख्य शिक्षा अधिकारियों को इस बाबत निर्देश जारी किए हैं।
इसके अलावा प्रदेश के सभी शिक्षा अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेंशनरों का डाटा बेस तैयार करने के लिए भी कहा गया है।
शिक्षक संघ ने जताई खुशी
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राजे सिंह नेगी और महामंत्री ईवी कुमार के मुताबिक ऑनलाइन पेंशन भुगतान पर शनिवार को संघ की बैठक हुई।
बैठक में इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। बैठक में एसपी एस नेगी, संजय विश्नोई, वीर सिंह राणा, आरपी तिवारी, वीरेंद्र मुंडेपी, अश्वनी कुमार, एमएस चौधरी, राकेश डबराल मौजूद रहे।