टोंस नदी में बहे उत्तरकाशी के युवक का दूसरे दिन भी सुराग नहीं लग पाया। उत्तरकाशी जिले के मोरी थाना क्षेत्र के जखोल निवासी दिनेश उर्फ फजीतू (27) पुत्र हरिपाल ने हनोल मंदिर के पास पार्किंग से नदी में छलांग लगा दी। एसडीआरएफ आज फिर से नदी में तलाशी अभियान चलाएगी।
रविवार को हनोल मंदिर के दर्शन के लिए आए दिनेश उर्फ फजीतू ने पार्किंग से नदी में छलांग लगा दी थी। युवक के चाचा के बेटे ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन, वह नदी में बहते हुए लापता हो गया। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची एसडीएआरफ ने तलाशी अभियान चलाया। लेकिन, युवक का कोई अता पता नहीं चला।थाना प्रभारी विनय मित्तल ने बताया कि सोमवार सुबह एसडीआरएफ ने फिर से तलाशी अभियान शुरू किया। लेकिन, युवक का कोई सुराग नहीं लगा। बताया कि मंगलवार को भी नदी में तलाशी अभियान चलाया जाएगा।