उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्रियों को आवास खाली करने का नोटिस जारी करने के बाद अब राज्य संपत्ति विभाग ने अल्मोड़ा के डीएम और हरिद्वार के एसएसपी सहित चार अधिकारियों को आवास खाली करने का नोटिस भेजा है। इन चारों में एक महिला आईएएस अधिकारी और एक रिटायर्ड अधिकारी भी शामिल हैं। चारों से 15 दिन के अंदर आवास खाली करने को कहा गया है। राज्य संपत्ति विभाग इनसे नियमावली के मुताबिक किराया भी वसूलेगा।
पूर्व मुख्यमंत्रियों को आवास खाली करने का नोटिस जारी करने के राज्य संपत्ति विभाग ने वैसे अधिकारियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है, जिन्होंने यहां से तबादला होने या रिटायर्ड होने के बाद भी सरकारी आवास खाली नहीं किया है। इस क्रम में राज्य संपत्ति विभाग की ओर से अल्मोड़ा के डीएम के पद पर तैनात सवित बंसल, हरिद्वार के एसएसपी राजीव स्वरूप, महिला आईएएस अधिकारी सोनिका और अपर सचिव के पद से रिटायर्ड विनोद चंद्र रावत को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भेजा गया है।
चारों को राजपुर रोड स्थित टिहरी हाउस में आवास आवंटित हैं। जानकारी के मुताबिक सवित बंसल की जब देहरादून में तैनाती थी तो उनको टिहरी हाउस में आवास आवंटित किया गया था। इसी तरह से देहरादून के एसएसपी के पद पर तैनात राजीव स्वरूप को शासन में तैनाती के दौरान आवास आवंटित किया गया था।
सोनिका भी देहरादून में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थीं। इसके बाद उनका तबादला टिहरी और हरिद्वार में सीडीओ के पद पर हो गया था। पिछले दिनों उनका हरिद्वार से भी तबादला हो गया था। विनोद चंद्र रावत अपर सचिव के पद से रिटायर्ड हो चुके हैं। रिटायर्ड होने के बाद भी उन्होंने टिहरी हाउस में आवंटित आवास खाली नहीं किया है। राज्य संपत्ति अधिकारी की ओर से इन सभी को 15 दिनों के अंदर आवास खाली करने का नोटिस भेजा गया है।