श्रीनगर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में उपकरण खरीद घोटाले की जांच के लिए बुधवार को सीबीआई की एक टीम आईआईटी रुड़की पहुंची।
खरीदे गए थे 3.86 लाख रुपए के उपकरण
टीम ने घंटों छानबीन कर जानकारी जुटाई। हालांकि सीबीआई टीम के सदस्यों ने मामले में ज्यादा जानकारी नहीं दी। एनआईटी श्रीनगर में वर्ष 2013 में 3.86 लाख रुपए के उपकरण खरीदे गए थे। इन उपकरणों की खरीद पर संस्थान के ही असिस्टेंट रजिस्ट्रार भोले शंकर ने सवाल उठाते हुए शिकायत की थी।
भोले शंकर का आरोप था कि उपकरणों को वास्तविक कीमत से अधिक पर खरीदा गया है। यह उपकरण देहरादून और दिल्ली में भी मिल सकते थे लेकिन इन्हें नाथपुर (महाराष्ट्र) से खरीदा गया। मामले की शिकायत राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तक की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
सीबीआई टीम इस मामले में एनआईटी के निदेशक, चेयरमैन सहित कई अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। बुधवार को सीबीआई की तीन सदस्यीय टीम आईआईटी रुड़की पहुंची। सीबीआई टीम के एक अधिकारी ने बताया कि एनआईटी में हुए घोटाले के संबंध में वह यहां आए हैं।
आईआईटी रुड़की एक तकनीकी संस्थान है। मामला तकनीकी संस्थान से जुड़ा हुआ है। इसलिए आईआईटी रुड़की के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। उधर, सीबीआई टीम आईआईटी क्यों आई इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही।
आईआईटी रुड़की के डिप्टी डायरेक्टर एसपी गुप्ता ने बताया कि मामला उनके संस्थान से जुड़ा नहीं है। एनआईटी श्रीनगर की जांच के संदर्भ में सीबीआई की टीम कुछ जानकारी लेने के लिए आई है।