सभी यात्री डर के मारे बेहाल हो गए। इसके बाद आनन-फानन में विमान की पंतनगर एयरपोर्ट पर 11:42 बजे इमरजेंसी लैंडिंग करा दी गई और पिथौरागढ़ की फ्लाइट भी रद कर दी गई। इसके बाद यात्री अलग-अलग संसाधनों से गंतव्य को रवाना हो गए।
अचानक हुई घटना से एयर हेरीटेज के साथ ही एयरपोर्ट अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। काफी समय तक अधिकारियों ने एयरपोर्ट में खड़े विमान की जांच की। इधर एयर हेरीटेज के मैनेजर मोहित नेगी ने बताया कि फ्लाइट का दरवाजा नहीं खुला था बल्कि तकनीकी दिक्कतें आ गई थी।
इसी वजह से फ्लाइट की लैंडिंग करनी पड़ी थी। फ्लाइट में आई तकनीकी खामी को दुरुस्त करने के लिए देहरादून से इंजीनियर बुलाए गए हैं। एयरपोर्ट निदेशक एसके सिंह ने भी विमान का दरवाजा खुलने से इनकार करते हुए तकनीकी दिक्कत बताई है।
अब 14 फरवरी को सुचारु होगी हवाई सेवा
एयर हेरीटेज की विमान में मामूली नहीं बल्कि बड़ी तकनीकी दिक्कत आई है। यही वजह रही कि विमान को मेंटीनेंस के लिए दिल्ली भेजा जा रहा है। कंपनी मैनेजर मोहित नेगी ने बताया कि मैंटीनेंस की वजह से हवाई सेवा 12 तक रद्द की गई है। 13 तारीख को बुधवार की वजह से सेवा नहीं चलती है। इसके बाद 14 फरवरी से हवाई सेवा सुचारु हो सकेगी।
पूर्व में भी आ चुकी है तकनीकी दिक्कत
एयर हेरीटेज के विमान में तकनीकी दिक्कत का यह पहला मामला नहीं है। एक पखवाड़े पूर्व भी पंतनगर से पिथौरागढ़ के लिए आठ यात्रियों को लेकर रवाना हुए विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से पिथौरागढ़ जाने की बजाए विमान को वापस लौटना पड़ा था। तकनीकी खराबी ठीक करने के लिए इंजीनियर को बुलाना पड़ा था। इसके बाद कंपनी की हाइलेवल कमेटी में बुधवार को मेंटीनेंस की वजह से फ्लाइट बंद रखने का फैसला किया गया था।