नगर निगम देहरादून के मेयर व 100 वार्डों में होने वाले चुनाव के लिए इस बार महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल बनाया जा रहा है। यहां 18 नवंबर को मतदान के बाद सभी वार्डों की मत पेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से अन्य निकायों में भी मतगणना स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार 18 नवंबर को नगर निकायों के चुनाव कराए जाएंगे। नगर निगम देहरादून में मेयर व 100 वार्डों में मतदान के लिए करीब 670 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। सभी वार्डों में मत पत्रों से वोट डाले जाएंगे। मतदान की समाप्ति के बाद सभी मतदान केंद्रों से मत पेटियों को स्पोर्ट्स कॉलेज में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। 20 नवंबर को इसी स्थान पर मतगणना की जाएगी। जिला निर्वाचन कार्यालय ने स्पोर्ट्स कॉलेज में मत पेटियों को रखने के लिए स्ट्रांग रूम बनाने के साथ वार्ड वार मतगणना काउंटर, बैरीकेटिंग व अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी शुरू कर दी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम बीर सिंह बुदियाल ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉलेज सुरक्षा की दृष्टि और यातायात को सुचारू रखने की दृष्टि से उपयुक्त है। इसके साथ ही नगर निगम ऋषिकेश, नगर पालिका डोईवाला, विकासनगर, मसूरी व हरर्बटपुर में मतगणना स्थल चिन्हित कर सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम दून में इस बार 40 नए मतदान केंद्र
निकाय चुनाव के लिए नगर निगम देहरादून में इस बार 40 नए केंद्रों पर मतदान होगा। 18 नवंबर को मतदान के दिन ही कंबाइंड डिफेंस एग्जाम (सीडीएस) की परीक्षा होनी है। संघ लोक सेवा आयोग ने परीक्षा के लिए शहर के कई सरकारी व प्राइवेट स्कूलों को सेंटर बनाया है। जिससे जिला निर्वाचन विभाग को मतदान केंद्र बदलने पड़े।
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से 18 नवंबर को देश भर में सीडीएस की परीक्षा आयोजित होेनी है। इसी दिन प्रदेश में नगर निकाय चुनाव है। नगर निगम देहरादून क्षेत्र में संघ लोक सेवा आयोग ने राजकीय इंटर कालेज नींबूवाला, गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, सीएनआई ब्वायज स्कूल, गांधी इंटर कालेज डिस्सपेंसरी रोड, राजकीय बालिका इंटर कालेज राजपुर रोड समेत शहर के कई स्कूलों को परीक्षा सेंटर बनाए हैं। जबकि इन स्कूलों में मतदान केंद्र बनाया जाना था। सीडीएस परीक्षा की तिथि में बदलाव न होने के कारण जिला निर्वाचन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में नए मतदान केंद्र बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिससे मतदाताओं को वोट डालने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम बीर सिंह बुदियाल ने बताया कि जिन स्कूलों में सीडीएस परीक्षा होगी। उन स्कूलों के मतदान केंद्रों को आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध स्थान पर बनाया जाएगा। नगर निगम के माध्यम से नए मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं।
हरिद्वार की पिरान कलियर नगर पंचायत है तो छोटी, लेकिन कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए यहां पर प्रत्याशी घोषित करना टेढ़ी खीर साबित हो रही है। सिर्फ ये ही एकमात्र ऐसा नगर निकाय है, जहां पर अभी तक दोनों दलों के प्रत्याशियों पर असमंजस बना हुआ है। इन स्थितियों के बीच, कांग्रेस ने पांच और भाजपा ने छह निकायों के प्रत्याशी अभी घोषित नहीं किए है।
दोनों दलों ने अपने अपने घरेलू समीकरणों की वजह से कुछ सीटें अभी छोड़ी है। कांग्रेस की बात करें, तो उसने रुद्रपुर नगर निगम में प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। भाजपा यहां प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। इसी तरह, टिहरी, रानीखेत, लोहाघाट निकाय में भी कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम घोषित होने हैं, हालांकि इन सभी सीटों पर भाजपा ने अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है।
उम्मीदवारों के चयन जैसे महत्वपूर्ण कार्य से फुर्सत पाते ही कांग्रेस निकाय चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र को जारी करेगी। पार्टी ने चुनाव घोषणापत्र में तीन बिंदुओं पर फोकस करने का निर्णय लिया है। पहले दो बिंदु भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों पर केंद्रित होंगे। जबकि तीसरा बिंदु शहरों को चमकाने और वहां की ज्वलंत समस्याओं से जुड़ा होगा।
कांग्रेस भवन में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने एक प्रेस कान्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी निकायों को ध्यान में रखते हुए यह घोषणापत्र तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार के कार्यकाल में शहरों में जिस तरह से आम आदमी के हितों पर कुठाराघात हुआ है, पार्टी इसे सामने रखेगी। दून महानगर अध्यक्ष लाल चंद्र शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण और बस्तियों से जुडे़ मसले पर भाजपा का जन विरोधी चेहरा ही सामने आया है।
आयोग और राज्यपाल से शिकायत करेगी पार्टी
कांग्रेस ने भाजपा पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा है कि भाजपा निकाय चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन में जुट गई है। जगह-जगह सरकारी संपत्तियों पर भाजपा के बैनर होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। इसकी शिकायत राज्य निर्वाचन आयोग और राज्यपाल से की जाएगी।