कांग्रेस के सभी छूटे हुए प्रत्याशियों के नाम का एलान आज कर दिया जाएगा। पांच नगर निकाय के अलावा सभी 84 निकायों में वार्डों की सूची का एलान अभी शेष है। पार्टी के नेताओं के अनुसार, सोमवार को सभी उम्मीदवारों के नाम सामने आ जाएंगे। नामांकन का एक दिन गुजर चुका है और अब 22 और 23 अक्तूबर को ही नामांकन होने हैं।
रविवार को निकाय चुनाव के टिकट के लिए देहरादून कांग्रेस भवन में जो नजारा दिखा, उसमें नारेबाजी, जोर आजमाइश, विरोध-गुस्सा सब कुछ शामिल रहा। विधानसभा चुनाव में पार्टी के हारे हुए उम्मीदवारों को लेकर पार्टी के कुछ नेताओं ने खुले तौर पर नाराजगी जाहिर की। कांग्रेस नेता राजेंद्र शाह तो ऐसे उम्मीदवारों को लेकर खुलकर सामने आए। उन्होंने कहा कि राहुल जी की भावनाओं के विपरीत काम किया जा रहा है। पुराने निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर बाहर से लाए जा रहे दावेदारों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह रविवार को पूर्व सीएम एनडी तिवारी की अंत्येष्टि कार्यक्रम के सिलसिले में दून से बाहर रहे। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता दावेदारों का सामना करते रहे। दिलचस्प बात ये रही कि टिकट बंटने से पहले ये सब हुआ। वार्डों के टिकट तो अभी तक नही बंट पाए हैं। महानगर अध्यक्ष लाल चंद्र शर्मा से जोहड़ी गांव के लोगों ने आकर टिकट वितरण को लेकर नाराजगी प्रकट की। रायपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्र के कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन पहुंचकर टिकट की मांग को लेकर आशंका जताई और नारेबाजी से माहौल को गरमाकर रखा। प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना भी दावेदारों से घिरे रहे। अध्यक्ष की गैरमौजूदगी में उन्होंने ही प्रेस कांफ्रेंस भी की। इन स्थितियों के बीच, कांग्रेस नेता राजेंद्र शाह ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को आवाज दी। अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने उन्हें समझाया-बुझाया।
दून निगम को छोड़कर जिलों से होगी वार्डों की सूची
दून नगर निगम के वार्डों को छोड़कर बाकी सभी निकायों में संबंधित सूची जिलाध्यक्ष और मेयर व अध्यक्ष पद के अधिकृत उम्मीदवारों के स्तर पर जारी की जाएगी। प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के अनुसार, जिलों के वार्डों की सूची के लिए जिलों को ही अधिकृत किया गया है। दून नगर निगम में चूंकि सबसे ज्यादा 100 वार्ड है, इसलिए इसे प्रदेश नेतृत्व ने अपने हाथ में लिया है। रविवार को किसी भी निकाय के वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की गई। दून महानगर अध्यक्ष लाल चंद्र शर्मा के अनुसार, प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। सिर्फ एलान किया जाना है।