निहंगों को मुख्य मार्गों पर ढूंढती रही पुलिस
दूसरे रास्ते पर नया गांव तक पुलिस ने बैरियर लगाए गए थे। नया गांव में भी कोई निहंग नहीं आए। नया गांव आए नहीं प्रेमनगर पहुंचे नहीं तो निहंग गए कहां यह जानकारी पुलिस को देर रात तक नहीं लगी। दरअसल, विकासनगर से प्रेमनगर या देहरादून शहर पहुंचने के दो रास्ते तो प्रमुख हैं लेकिन इसके अलावा भी यहां कई रास्ते ऐसे हैं जहां कोई भी गांवों के रास्ते आ सकता है। नया हाईवे जहां तक आता है वहां से भी कई रास्ते शहर के लिए कटते हैं। पुलिस निहंगों को मुख्य मार्गों पर ढूंढती रही और ये अनजान निहंग पुलिस को उन्हीं के जाने पहचाने रास्तों पर चकमा देकर निकल गए।
ये भी पढ़ें...देहरादून में तनाव: सुरक्षा बलों को चकमा देकर मेहूंवाला के रास्ते दून में घुसे निहंग, पुलिस के साथ तीखी बहस
थमी रहीं लोगों की सांसें, तनावपूर्ण हालात
निहंगों के दून की ओर बढ़ने की सूचना के बाद प्रेमनगर क्षेत्र में शुक्रवार को करीब दो घंटे तक बेहद तनावपूर्ण हालात रहे। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती और अधिकारियों की आवाजाही से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रेमनगर चौक पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और सिख समुदाय के लोग एकत्र हो गए। निहंगों के आगमन और पुलिस की कार्रवाई की आशंका पर प्रेमनगर चौक, मुख्य बाजार और आसपास के मार्गों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर चौक और मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी। पुलिस कर्मियों की बड़ी संख्या में तैनाती, वाहनों की जांच और अधिकारियों की लगातार बैठकों को देखकर लोग किसी बड़ी घटना की आशंका जताने लगे। स्थानीय लोगों का कहना था कि उन्होंने प्रेमनगर हाईवे पर एक साथ इतना बड़ा पुलिस जमावड़ा पहले कभी नहीं देखा।