घड़ी की सुईयों ने जैसे ही 12 बजने का इशारा किया पर्वतों की रानी मसूरी हैप्पी न्यू ईयर से गूंज उठी। माल रोड पर 12 बजते ही पर्यटकों ने आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया तथा नाच गाकर एक दूसरे को नए साल की बधाईयां दी। पूरा शहर रंग बिरंगी रोशनी से नहा गया और डीजे, पंजाबी गीतों की धुनों पर सैलानी जमकर थिरके।
थर्टी फर्स्ट और नया साल के जश्न मनाने को पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों का सैलाब मसूरी की माल रोड में उमड़ पड़ा। शहर का हर कोना पर्यटकों से गुलजार हो गया। मसूरी के तमाम होटलों के कमरे फुल रहे।
होटल और रिजॉर्ट स्वामियों ने पर्यटकों को लुभाने के लिए हर साल की तरह इस बार भी विशेष पैकेजों की घोषणा की थी जिसका पर्यटकों ने रातभर चले जश्न में भरपूर आनंद लिया। पर्यटकों ने विभिन्न होटलों के द्वारा दिए गए लुभावने पैकेजों जिसमें गाला डिनर, बॉन फायर, बैले डांस, दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों से मंगाए गए स्टार डीजे की धुनों पर रातभर नए साल का जश्न मनाया।
पर्यटकों की भारी चहल-पहल मचाया धमाल
tourist in mussoorie
- फोटो : amar ujala
विभिन्न होटल स्वामियों ने नए साल पर 41,000 से शुरू दो रात और तीन दिन के विशेष पैकेज की घोषणा की थी, जो कि शाम होते-होते पूरी तरह बुक हो गए। पर्यटकों ने खुले आसमान के नीचे होटलों में लगाए गए बुफे डिनर, फूड बेवरेज और स्पा सेवाओं का भी आनंद लिया।
वहीं इससे पूर्व थर्टी फर्स्ट पर मसूरी में सुबह से पर्यटकों की भारी चहल-पहल रही और शाम होते होते कहीं भी पांव रखने की जगह नहीं थी। दिल्ली से आए पर्यटक मंजरी ने बताया कि उनका मसूरी में नया साल के जश्न का यह दूसरा साल है।
कहा कि मसूरी बेहद खूबसूरत स्थल है जहां बार-बार आने का मन होता है। इसके अलावा लुधियाना आए हरजीत, मंजीत ने भी मसूरी की तारीफ की। इस मौके पर सैलानियों ने माल रोड पर एक दूसरे को नए साल की बधाईयां दी।
वहीं चार दुकान, भट्टा फॉल, मसूरी झील भी र्क्षटकों से गुलजार रहे। थाना कोतवाल मसूरी राजीव रौथाण ने बताया कि नए साल को देखते हुए मसूरी में व्यवस्था चाक चौबंद है। देर शाम तक मसूरी में दो हजार से अधिक वाहन पहुंच चुके थे।