बर्फबारी होने पर टीवी टावर से औली तक ट्रैफिक वनवे होगा
पुलिस ने बर्फबारी की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। बर्फबारी होने पर टीवी टावर से औली तक वनवे ट्रैफिक प्लान लागू होगा। जोशीमठ के प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राकेश भट्ट ने बताया कि यदि मौसम खराब हुआ तो टीवी टावर से औली तक करीब चार किलोमीटर क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही के लिए वनवे ट्रैफिक लागू किया जाएगा। सड़क पर पाला जमने या बर्फ जमने पर मैदानी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को जोशीमठ में ही रोककर स्थानीय वाहनों से पर्यटकों को औली भिजवाया जाएगा।
औली में बर्फ न होने से पर्यटकों में मायूसी
औली में बर्फ न होने से पर्यटक मायूस भी हो रहे हैं। औली के स्कीइंग स्लोप पर बर्फ नहीं है। बीते दिनों औली और गोरसों में बर्फबारी हुई थी, लेकिन धूप खिलने पर बर्फ लगातार पिघल रही है जिससे ऊंची चोटियां भी बर्फविहीन हो गई हैं। वर्ष 2022 में भी औली में नववर्ष पर पर्यटक बर्फ का दीदार नहीं कर पाए थे। हालांकि मौसम विभाग ने 31 दिसंबर को बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है अब पर्यटक बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं। दिल्ली के पर्यटक मयंक शर्मा, निखिल और प्रकाश चंद्र का कहना है कि वे शुक्रवार को औली में नए साल के जश्न के लिए पहुंचे हैं। बर्फ न होने से थोड़ा मायूसी है।