नए ट्रैफिक प्लान के महज दो घंटे के ट्रायल ने राजधानी के लोगों को परेशान कर दिया। घंटाघर पर करीब पौन घंटे तक वाहन रेंगते रहे। कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य किया जा सका।
पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू करने के लिए शनिवार शाम दो घंटे का पहला ट्रायल किया था। लोगों को जानकारी न होने के कारण रविवार को ट्रायल नहीं किया गया। सोमवार शाम छह बजे फिर ट्रायल शुरू किया गया।
अतिरिक्त पुलिस बल था तैनात
ट्रायल के दौरान ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्ट के साइन बोर्ड लगाने के साथ अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी, लेकिन इसका कोई खास असर नहीं हुआ।
जैसे ही पुलिस ने दर्शनलाल और एस्लेहाल चौक पर बैरियर लगाया, लोग चकरघिन्नी होने लगे। इसका असर चकराता रोड, दर्शनलाल चौक, तहसील चौक, प्रिंस चौक, राजपुर रोड, एस्लेहाल चौक, कनक चौक और सुभाष रोड पर दिखाई दिया।
एस्लेहाल से चकराता रोड व घंटाघर जाने वाले वाहन कनक चौक, दर्शनलाल चौक होकर भेजे गए। इससे कनक चौक पर भी वाहन कुछ देर तक फंसे।
जमे रहे अधिकारी
दो घंटे के ट्रायल में एसएसपी केवल खुराना, एसपी ट्रैफिक प्रदीप राय, सीओ सिटी हरीश चंद्र सती, शहर कोतवाल जेपी जुयाल नए ट्रैफिक प्लान की समीक्षा करते रहे।
एसएसपी ने बताया कि धीरे-धीरे लोग प्लान समझ रहे हैं। आने वाले दिनों में प्लान से लोगों को सहूलियत मिलेगी।
भिड़ते रहे वाहन
पुलिस ने डायवर्जन लागू तो किया, लेकिन अचानक इसकी जद में आए वाहन चालक समझ नहीं पाए। इस गफलत में दर्शनलाल चौक और एस्लेहाल चौक के पास कई वाहन टकरा गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
एलआईयू रख रही नजर
नए ट्रैफिक प्लान पर लोगों की प्रतिक्रिया जानने के लिए एलआईयू से जुड़े लोग भी घंटाघर और दर्शनलाल चौक पर घूमते नजर आए। एलआईयू इसकी रिपोर्ट बना रही है।
इससे पहले पुलिस ने दिन में एस्लेहाल और कनक चौक पर लगने वाली ठेली-रेहड़ियों को हटाया।