साइबर ठगों ने लोगों का बैंक खाता खाली करने के लिए नया तरीका खोज लिया है। इससे वे खासकर महिलाओं को शिकार बना रहे हैं। अनजान नंबर से आपके फोन पर हाय मम (मां) मैसेज आए तो उत्तर देने की नहीं बल्कि सचेत रहने की जरूरत है। यह साइबर ठगों का नया स्कैम है जिसमें चंद सेकेंड में खाते खाली हो रहे हैं।
साइबर ठग खुद को बेटा या बेटी दर्शाकर बातों में फंसा ले रहे हैं। इसके बाद लिंक भेजकर या इंटरनेट बैंकिंग आदि ब्लॉक होने का झांसा देकर मदद मांग रहे हैं। साइबर पुलिस ने इस तरह के स्कैम से लोगों को सचेत किया है। देश में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं।
हालांकि, उत्तराखंड में अभी कोई मामला सामने नहीं आया है। लेकिन, साइबर पुलिस ने सभी को इस तरह के मैसेज पर गौर न करने की सलाह दी है। सीओ साइबर अंकुश मिश्रा ने बताया कि अनजान नंबर से कॉल, व्हाट्सएप मैसेज, टेक्स्ट मैसेज में कुछ भी अजीब लगे तो उत्तर न दें।