नेपाल के एक युवक ने हरियाणा में फर्जी प्रमाण पत्रों के सहारे अपना आधार कार्ड बना लिया।
यह युवक चेकिंग के दौरान धारचूला तहसील के बलुवाकोट में एसएसबी के हत्थे चढ़ गया। एसएसबी ने युवक को बलुवाकोट पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। युवक के खिलाफ धारा 420, 465, 467, 468, 472 और 471 में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
एसपी रोशन लाल शर्मा ने बताया कि नेपाल के दार्चुला जिला अंतर्गत ग्राम सिराड़ वार्ड नंबर 4 निवासी प्रेम सिंह हरियाणा के अंबाला शहर में एक स्कूल बस में क्लीनर है। उसने 14 अप्रैल 2015 को फर्जी प्रमाणों के आधार पर हरियाणा में अपना आधार कार्ड बनवा लिया। आधार कार्ड में उसने अपने पिता के नाम की जगह उस स्कूल के संचालक सुरेंद्र सिंह का नाम दर्ज करवा लिया जिस स्कूल बस में वह क्लीनर है।
नेपाली युवक के पास भारतीय आधार कार्ड मिलने के सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस में खलबली मच गई। युवक ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि आधार कार्ड बनाने में उसके स्कूल के संचालक ने मदद की और उसने ही प्रमाणपत्र प्रस्तुत किए थे।
स्कूल का संचालक हरियाणा के अंबाला शहर में न्यू मॉडल कॉलोनी का रहने वाला है। वह लिटिल स्टार नाम से स्कूल चलाता है। पुलिस ने इसे गंभीर मामला बताते हुए युवक से कड़ी पूछताछ की। युवक कुछ दिनों के लिए छुट्टी में घर आया है और बलुवाकोट पुल पार कर नेपाल में प्रवेश करने से पहले ही वह एसएसबी के हत्थे चढ़ गया।