नेपाल के गृहमंत्री रामबहादुर थापा ने छांगरु में सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) के हेडक्वार्टर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चीन सीमा से लगे तिंकर गांव का भी हवाई निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भारतीय सीमा से सटी काली नदी के किनारे स्थित सीतापुल में ग्रामीणों के साथ मुलाकात भी की। भारत-चीन और नेपाल के बीच बढ़ते विवाद के बीच गृहमंत्री के दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नेपाल के गृहमंत्री शनिवार को दार्चूला से सुबह 7:07 बजे रवाना हुए। वह करीब 7.25 बजे छांगरु पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हेलीकॉप्टर से छांगरु से 15 किमी दूर चीन सीमा का निरीक्षण कर जरूरी जानकारियां लीं। उन्होंने छांगरु के गागा नामक स्थान पर दस करोड़ की लागत से बनने वाले एपीएफ के हेडक्वार्टर का शिलान्यास किया। एपीएफ को उन्होंने सीमा पर हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद नेपाल के गृहमंत्री भारतीय सीमा से सटे सीतापुल गांव का निरीक्षण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस मौके पर नेपाली सांसद गणेश ठगुन्ना, राजनीतिक सलाहकार सूर्य सुवेदी, सुरक्षा सलाहकार इंद्रजीत राई, गृहसचिव शैलेंद्र खनाल, एपीएफ चीफ आईजी शैलेंद्र खनाल, सहायक रथी नेपाल आर्मी पवनराज घिमिरे समेत नेपाल के कई शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहे।