समाज कल्याण विभाग के बुजुर्ग पेंशनरों की परेशानी खत्म नहीं हो रही है। अक्सर बजट न मिलने की वजह से अटकने वाली बुजुर्गों की पेंशन इस बार आधार संबंधी सभी डिटेल अपडेट करने और डुप्लीकेसी के नाम पर करीब आठ महीने से जारी नहीं हो पाई है।
विभाग ने इस बार कुछ लोगों की सिर्फ तीन महीने की पेंशन जारी की है। ऐसे में बड़ी संख्या में पेंशनर समाज कल्याण विभाग और बैंक के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। समाज कल्याण विभाग ने एक परिवार में दो-दो लोगों को पेंशन जाने को लेकर सत्यापन करा रहा है। इस दायरे में बड़ी संख्या में पेंशनर आ गए हैं।
ऐसे में अपात्रों के अलावा पात्रों की पेंशन भी रुक गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार डिटेल अपडेट करने के बाद पात्रों की पेंशन जारी कर दी गई है। वहीं पेंशनरों का कहना है कि आधार कार्ड व अन्य जानकारी विभाग को एक नहीं बल्कि दो-तीन बार उपलब्ध करा चुके हैं, लेकिन पेंशन जारी करने में कोताही बरती जा रही है।
प्रेमनगर, चकराता क्षेत्र से आने वाले पेंशनरों को समाज कल्याण विभाग और बैंक तक आने के लिए पैसे उधार मांगने पड़ रहे हैं। इन क्षेत्र के लोगों का कहना है कि डिटेल अपडेट कराने के बावजूद पूरी पेंशन जारी नहीं की गई है।