जौनसार-बावर की कालसी तहसील के कचटा गांव में बृहस्पतिवार को पत्नी नीलम की पाटल से काटकर निर्मम हत्या करने वाले आरोपी पति मनोज को राजस्व पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रातभर गांव के निकट ही एक जंगल में छिपा रहा। शुक्रवार को वह वहां से भागने की फिराक में था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
नायब तहसीलदार कालसी रविंद्र असवाल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर राजस्व पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि नीलम की हत्या का आरोपी मनोज कचटा के पास ही जंगल में छिपा हुआ है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद वह खौफजदा था और रातभर जंगल में ही दुबका रहा।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। नायब तहसीलदार ने बताया कि आरोपी पुलिस की पूछताछ में बिल्कुल सहयोग नहीं कर रहा है और सवालों को लगातार घुमाने का प्रयास कर रहा है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर हत्या के विस्तृत कारणों की पूछताछ करेगी। पूछताछ में यह हैरान करने वाली बात भी सामने आई है कि आरोपी मनोज पॉलीटेक्निक पास है, लेकिन इसके बावजूद वह वर्तमान में मजदूरी का काम कर रहा था। आरोपी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, परिजनों को सौंपा गया शव
शुक्रवार को कालसी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने भी कचटा गांव पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की। टीम ने मौके से खून के नमूने और अहम साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, शुक्रवार को ही मृतका नीलम के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दोपहर बाद हरिपुर स्थित श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में नीलम का अंतिम संस्कार किया गया। उसे अंतिम विदाई देने के लिए कचटा गांव से ससुराल पक्ष और लखवाड़ से मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे थे। इस दर्दनाक घटना से दोनों परिवारों और गांवों में गहरा शोक व्याप्त है।