नकल के मामले में सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली ऑनलाइन परीक्षा में एक किशोर ने सेंध लगा दी। मामला है सहसपुर के जेबीआईटी में हुई इंडियन नेवी की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा का। नकल के इस अजब मामले से न केवल परीक्षा आयोजक बल्कि पुलिस भी हैरान है। परीक्षा कराने वाली तमिलनाडु की कंपनी ने मंगलवार को किशोर के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जेबीआईटी में सोमवार को नेवी की नौसैनिक भर्ती (सीनियर सेकेंडरी रिक्रूटमेंट) परीक्षा हुई। यह परीक्षा ऑनलाइन थी। परीक्षा में एक कैंडिडेट ने अपना कंप्यूटर रिमोट तकनीकी की मदद से हैक करा लिया। जैसे ही परीक्षा शुरू हुई तो कैंडिडेट का सिस्टम बाहर से ऑपरेट होने लगा। बिना माउस पर हाथ लगाए प्रश्नों के उत्तरों पर क्लिक होने लगे। एक के बाद एक सवालों के हल खुद होता देख परीक्षा केंद्र ऑब्जर्वर के कान खड़े हो गए। उन्होंने कैंडिडेट की हरकतें देखनी शुरू की तो पूरा मामला समझ में आता चला गया। पता चला कि कैंडिडेट का कंप्यूटर बाहर से रिमोट तकनीक से ऑपरेट हो रहा था।