- सुबह से ही मंदिरों में लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता
- भगवान श्रीराम के प्राकट्योत्सव दिवस पर की पूजा
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर/हरबर्टपुर/सेलाकुई/कालसी। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी के अवसर पर पछवादून में घर-घर में कन्या पूजन कराया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। उधर रामनवमी के अवसर पर भगवान श्रीराम के प्राकट्योत्सव पर विशेष पूजा अर्चना की गई।
नवरात्र के अंतिम दिन देवी के सिद्धिदात्री के स्वरूप की पूजा की गई। इस दौरान मां जगदंबा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा के बाद कन्या पूजन किया गया। इसी क्रम में विकासनगर के दुर्गा माता मंदिर, कैनाल रोड स्थित शिव मंदिर, गुडरिच स्थित हनुमान मंदिर, कालसी स्थित काली माता मंदिर, हरबर्टपुर, सहसपुर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मंदिरों के अलावा सेलाकुई के मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की गई।
पूजा के लिए मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। पूजा-अर्चना के बाद शुभ योग के अनुसार घर-घर में व्रतियों ने कन्या पूजन कराकर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान व्रतियों ने कन्याओं की पूजा करने के बाद उन्हें प्रसाद व उपहार भेंट किए। इस अवसर पर भगवान श्रीराम का प्राकट्योत्सव भी धूमधाम व श्रद्धा के साथ मनाया गया। जिसके तहत मंदिरों में रामायण का पाठ व विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए।