हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती पर पछवादून और जौनसार बावर में राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। शैक्षणिक संस्थानों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया।
द सेपियंस स्कूल की विकासनगर और हरबर्टपुर शाखा में राष्ट्रीय खेल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना, शपथ व समूह गान के साथ की गई। कराटे प्रशिक्षक शिवम गुप्ता ने छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए और संध्या तोमर ने योग के विभिन्न आसनों से परिचित कराया।
छात्र-छात्राओं को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन के साथ खेलों में अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना के महत्व के बारे में बताया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नवीन तनेजा, गीता नेगी उपस्थित रहे।
शंकरपुर स्थित गंगा दर्शन पब्लिक स्कूल में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने कबड्डी, रस्सा खींच, नृत्य आदि प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य संगीता रावत व निदेशक अनुराग रावत ने किया।
सीनियर बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में तक्षशिला हाउस ने पंचशील हाउस को हराया। सीनियर बालिका वर्ग के फाइनल में पंचशील हाउस ने तक्षशिला हाउस को हराया। जूनियर बालक वर्ग के कबड्डी फाइनल में विक्रमशिला हाउस ने नालंदा हाउस को हराया व जूनियर बालिका वर्ग में नालंदा हाउस ने विक्रमशिला हाउस को हराया। इस अवसर पर रियासत खान रियाज, अर्चना धूलिया, मनीष रावत, फिरोज खान, संदीप कुमार, भावना रावत, प्रवीण कुमार आदि उपस्थित रहे।
-
पारंपरिक खेल पिट्ठू का आयोजन
सहसपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में खेल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शारीरिक शिक्षक एकता वर्मा, दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन में पारंपरिक खेल पिट्ठू का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राचार्य आदेश कुमार ने कहा कि खेल शारीरिक व मानसिक विकास के साथ टीम भावना और अनुशासन को भी मजबूत करते हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेल चुके खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वैभव शाह, कवराज कूरियल, कुलदीप कुमार, प्रदीप मलिक, देव सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।
-
विद्यालय स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षा दल विभाग के माध्यम से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कालसी में राष्ट्रीय खेल दिवस कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। बालक वर्ग में अजय वाॅरियर की टीम ने प्रथम स्थान और अनूप कुमार की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी बालिका वर्ग में मीराबाई चानू टीम ने प्रथम व मनु भाकर टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विनीता नौटियाल ने हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डाला। खेल प्रशिक्षक दिनेश चौहान ने छात्रों को खेल संबंधी टिप्स दिए। इस मौके पर प्रधानाचार्य रजनीश सरोहा ने खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए छात्रों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रवीण सिंह, मानसी, सचिन चमोली, रीना रावत, चंद्र मोहन रावत, मनोज चौहान आदि उपस्थित रहे।
छात्रों को दी मेजर ध्यानचंद के बारे में जानकारी
ग्राम कुंजा स्थित एएआर रिवर डेल्स एकेडमी में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रार्थना सभा में शिक्षकों ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनकी खेल प्रतिभा के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासक मोहित कुमार, धीरज कुमार, प्रधानाचार्य नजमा, अंकुश कुमार आदि उपस्थित रहे।