I
I- रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल को मिलेगा प्रमाणपत्रI
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) की टीम ने सीएचसी साहिया का निरीक्षण किया। अस्पताल की चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को परखा। स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार को लेकर मरीजों से प्रतिक्रिया भी ली। अस्पताल में सफाई व्यवस्था को देखकर टीम संतुष्ट नजर आई।
नई भारत सरकार के नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर की ओर से सरकारी अस्पतालों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणपत्र प्रदान किया जाता है। मंगलवार को दो दिवसीय निरीक्षण के लिए एनक्यूएएस की टीम सीएचसी साहिया पहुंची। टीम में शामिल डॉ. कृष्ण कुमार धवन और डॉ. संदीप लटवाल ने अस्पताल में सभी नौ चिकित्सा विभाग की व्यवस्था की जांच की। अस्पताल में प्रसव कक्ष, औषधि कक्ष, इमरजेंसी कक्ष, पैथोलॉजी लैब, रक्त संग्रहण केंद्र आदि को देखा। मरीजों से अस्पताल की चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार की जानकारी लेते हुए उनकी प्रतिक्रिया रिपोर्ट में दर्ज की। इस दौरान अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और अल्ट्रासाउंड जांच न होने की बात टीम के सामने आई। टीम ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल को प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी बिक्रम सिंह तोमर, डॉ. राजीव बजाज, फार्मेसिस्ट आजाद कुमार आदि उपस्थित रहे।