मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश के सभी पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विकास में पंचायती राज संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण के संकट में सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने अहम भूमिका निभाई है।
अगर प्रतिनिधियों का सक्रिय सहयोग नहीं होता तो इस आपदा को नियंत्रित करना बहुत मुश्किल होता। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई लंबी है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन खुद भी करना है और दूसरों को भी इसके लिए समझाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस पर 24 अप्रैल को कुछ पंचायत प्रतिनिधियों से बात करेंगे।
वे इस दौरान ई-ग्राम स्वराज एप्लीकेशन लांच करेंगे। साथ ही नई सेंट्रल सेक्टर स्कीम ‘स्वामित्व’ भी प्रारंभ की जाएगी। पायलट आधार पर देश के आठ राज्यों में इसे शुरू किया जा रहा है। उत्तराखंड भी इसमें शामिल है।