भाला फेंक में सचिन यादव का राष्ट्रीय खेल में नया कीर्तिमान
उत्तर प्रदेश के सचिन यादव ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में 84.39 मीटर की थ्रो के साथ न सिर्फ स्वर्ण पदक जीता, बल्कि राष्ट्रीय खेल का नया रिकॉर्ड भी बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड हरियाणा के राजेंद्र सिंह के नाम था, जिन्होंने 82.23 मीटर की दूरी तय की थी। उत्तर प्रदेश के रोहित यादव (80.47 मीटर) और उत्तराखंड के विकास शर्मा (79.33 मीटर) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
केरल की टीम बनी विजेता
चार गुणा 400 मीटर मिक्स्ड रिले में केरल की टीम (मनू टी.एस., स्नेहा के., बेजॉय जे., अंसा बाबू) ने 3:25.35 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र (श्यामराव दौंडकर, मानसी भरेकर, निखिल धाके, ऐश्वर्या मिश्रा) ने 3:25.66 मिनट में दौड़ पूरी कर रजत पदक हासिल किया, जबकि पंजाब (लवप्रीत सिंह, ट्विंकल चौधरी, जगमीत सिंह, किरनपाल कौर) ने 3:26.35 मिनट के साथ कांस्य पदक जीता।
महिला ऊंची कूद में पूनम ने बनाया नया रिकॉर्ड
हरियाणा की पूनम ने महिला हाई जंप में 1.84 मीटर की ऊंचाई के साथ स्वर्ण पदक जीता और 2022 में पश्चिम बंगाल की स्वप्ना बर्मन द्वारा बनाए गए 1.83 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। तमिलनाडु की गोबिका के. (1.79 मीटर) और कर्नाटक की अभिनया एस. शेट्टी (1.77 मीटर) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए।