नगर पालिका की मतदाता सूची में गड़बड़ी की जांच और आपत्तियों की सुनवाई बुधवार को पूरी हो गई। हाईकोर्ट के आदेश पर एसडीएम मसूरी की ओर से 15 मई से 22 मई तक 1869 लोगों के नामों पर लगी आपत्तियों पर सुनवाई की गई। जांच में 238 ग्रामीणों के नाम पालिका की मतदाता सूची में दर्ज मिले हैं। जबकि 276 लोगों ने मसूरी पालिका क्षेत्र के निवासी होने के दस्तावेज प्रस्तुत किए और उनके नाम पर लगी आपत्तियों को खारिज कर दिया। 514 लोग सुनवाई में नहीं पहुंच सके।
एसडीएम डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि यश गुप्ता की ओर से हाईकोर्ट में नगर पालिका मसूरी की नामावली सूची में 1869 नामों पर आपत्ति लगाई थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद इन नामों को लेकर जांच की गई। जिनके नामों पर आपत्ति दर्ज की गई थी उनसे दस्तावेज मांगे गए। 15 मई से नगर पालिका सभागार में शुरू हुई सुनवाई 22 मई को पूरी हो गई। उन्होंने बताया कि 15 मई से 18 मई तक वार्डों की सुनवाई की गई। 20 मई से 22 मई तक सभी वार्डों के मतदाता जो सुनवाई के दौरान नहीं पहुंच पाए उनको समय दिया गया था।
एसडीएम ने बताया कि जांच में 238 मतदाता ऐसे मिले हैं जिनके नाम अन्य ग्राम पंचायत की मतदाता लिस्ट में दर्ज हैं। अगर वो ग्राम पंचायत से अपना नाम कटवाकर लाते हैं तो उनके नामों को मसूरी की निकाय नामावली में यथावत रखा जाएगा। इसके लिए उनको 10 दिन का समय दिया गया है। समय अवधि खत्म होने के बाद मसूरी की नामावली से नाम काट दिया जाएगा। बताया कि 1355 लोग सुनवाई में नहीं पहुंचे। उनके नामों पर आपत्ति लगाए जाने की वजह की जांच की जा रही है। दो दिनों में सुनवाई और पूरी जांच रिपोर्ट आयोग को भेज दी जाएगी।