नैनीताल के आदर्श राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की तीन छात्राओं का चयन राज्य की टीम से राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता अलग-अलग वर्गों में होगी। दो छात्राएं सब जूनियर एवं एक छात्रा का जूनियर वर्ग में चयन हुआ है।
जीजीआईसी नैनीताल की कक्षा आठ की माही जोशी (12) बेक स्ट्रोक में 100, 200 मीटर में, कक्षा नौ की रितिका गैड़ा (14) बेक स्ट्रोक 50,100, 200 मीटर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी, जबकि जूनियर वर्ग में कक्षा नौ की मीनाक्षी आर्या (14) बेक स्ट्रोक में 50,100 और 200 मीटर में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। नेशनल तैराकी दिल्ली के तालकटोरा तरणताल स्टेडियम में होगी।
तीनों छात्राएं नैनीताल की नैनीझील में तैराकी करती हैं। माही, रितिका एवं मीनाक्षी ने बताया कि नैनीझील का पानी काफी ठंडा रहता है। दिल्ली में होने वाली प्रतियोगिता में पानी गर्म होने के कारण वह अच्छा प्रदर्शन करेंगी। प्रधानाचार्या सावित्री दुग्ताल एवं शिक्षिकाओं ने तीनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।