मामला तूल पकड़ता देख कोतवाल ने जनपद से एक प्लाटून महिला और एक प्लाटून पुरुष पीएसी सहित अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुला ली। इस दौरान एसओजी प्रभारी रवि कुमार सैनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी भूपेंद्र सिंह धोनी, शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी योगेश उपाध्याय, कोतवाल हल्द्वानी संजय कुमार भी पहुंच गए। लालकुआं सीओ बीएस भाकुनी ने भी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
विक्रम सिंह के खिलाफ भी लिखी गई रिपोर्ट
पांच घंटे प्रदर्शन के बाद कांग्रेसी नेता भगवान धामी की पत्नी विनीता धामी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने विक्रम सिंह उर्फ बल्ली के विरुद्ध धारा 452/323/504/506 और 427 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद ग्रामीण और कांग्रेसी कार्यकर्ता शांत हुए।
पुलिस ने किसी को कोतवाली में नहीं जाने दिया
कोतवाली में पहुंचे जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों से भी पुलिस कर्मियों ने अभद्रता पूर्ण व्यवहार किया। किसी को कोतवाली परिसर में नहीं जाने दिया। ग्रामीणों की संख्या बढ़ने के बाद पुलिस के तेवर ठंडे पड़े।
कोतवाल को हटाने की मांग, एसपी सिटी से मिले कार्यकर्ता
पूर्व मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने समर्थकों के साथ एसपी सिटी से मुलाकात कर कोतवाल सहित पूरा थाना बदलने की मांग की। आरोप लगाया कि पुलिस ने बेवजह तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। एसपी सिटी ने कहा कि तीनों ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया है। पुलिस निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करेगी। कांग्रेस के नेता पकड़े गए लोगों से मिलने कोतवाली गए थे लेकिन थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने रात में थाने का गेट बंद कर दिया।
पकड़े गए लोगों को पीटा जा रहा था। विरोध करने पर पुलिस ने अभद्रता की। आरोप लगाया कि सुबह हरीश चंद्र दुर्गापाल और सुमित्तर भुल्लर के साथ मिलने के लिए गए तो पुलिस ने अभद्रता की। इस मामले में कांग्रेस नेताओं ने एसपी सिटी को पत्र दिया। कहा कि कोतवाल सहित पूरे थाने के कर्मचारियों को हटाना चाहिए।
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने पूर्व मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल से कहा कि पुलिस ने सही कार्रवाई की है। पुलिस किसी योजना के तहत नहीं गई थी। आरोपियों के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं। थाने के सभी लोगों को हटाने के मुद्दे पर एसपी सिटी ने कहा कि हमें हटा दीजिए। पुलिस को स्पष्ट कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। यदि संतुष्टि नहीं है तो वह दूसरे थाने से भी जांच करा सकते हैं।
नेता प्रतिपक्ष को दी गई जानकारी
एसपी सिटी ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश को लालकुआं की घटना से अवगत कराया। बताया कि इस मामले में गिरफ्तार लोगों पर काफी पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस से आरोपियों ने अभद्रता की है। पुलिस के पास रिकार्डिंग भी मौजूद है।
युवती ने लगाया दूसरे पक्ष पर आरोप
गिरफ्तार भगवान सिंह की बेटी हिमानी ने बताया कि उसके घर समारोह चल रहा था। इस बीच सूचना देने वाला विक्रम सिंह तलवार लेकर आया था। घर में उसने धक्कामुक्की की। इस कारण उसके हाथ में चोट आई है।
पुलिस कर्मियों से अभद्रता एवं मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार तीन लोगों का पुलिस ने चालान कर दिया है। साथ ही उनकी ओर से दूसरे पक्ष के खिलाफ दी गई तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
-बीएस भाकुनी, सीओ लालकुआं