डीजीपी के नाम पर एक व्यक्ति ने वकीलों से 10 लाख रुपये हड़प लिए। वकीलों की शिकायत के बाद डीजीपी ने मामले का संज्ञान लिया। जिस पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सोमवार को विकासनगर के दो वकील सतीश कुमार व संजय कटारिया डीजीपी से उनके कार्यालय में मिले। शिकायती पत्र देते हुए उन्होंने बताया कि भारत संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के अध्यक्ष दौलत कुंवर निवासी विकासनगर ने डीजीपी के नाम से पुलिस को डोनेशन देने के नाम पर उनसे 10 लाख रुपये हड़प लिए हैं। जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने आरोपी से पैसे वापस मांगे। हालांकि, इसके बाद आरोपी बार-बार उन्हें टालता रहा। डीजीपी अशोक कुमार ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए आरोपी दौलत कुंवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। सीओ विकासनगर संदीप नेगी ने बताया कि दौलत कुंवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीजीपी ने लोगों से अपील की है कि वह किसी भी ऐसे बहकावे में न आएं। अगर कोई ऐसा करता है तो तुरंत इसकी शिकायत पुलिस से करें।