टिहरी जिले में पर्वतीय टैक्सी-मैक्सी महासंघ की 3500 के लगभग जीप-टैक्सियों का संचालन होता है। टीजीएमओ जिले में लगभग 40 से 50 बसों की सेवाएं प्रतिदिन संचालित करता है। पर्वतीय क्षेत्र में जीप-टैक्सी यूनियन और निजी बस कंपनियों के भरोसे ही यातायात व्यवस्था संचालित होती है। ग्रामीण संपर्क मार्गों पर रोडवेज की बस सेवाएं नहीं है। टिहरी गढ़वाल टैक्सी चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष टीकम सिंह चौहान, गंगा जीप कमांडर यूनियन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत और टीजीएमओ के स्टेशन प्रभारी विजयपाल सिंह नेगी ने बताया कि आज वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
कोटद्वार में भी प्रस्तावित हड़ताल को सफल बनाने के लिए निजी परिवहन कंपनियों और समितियों ने कमर कसी गढ़वाल जीप टैक्सी समिति, जीएमटी, जीएमओयू, सिद्धबली ऑटो यूनियन, ई रिक्शा यूनियन ने हड़ताल का समर्थन करते हुए अपने वाहनों का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया।
गढ़वाल जीप टैक्सी समिति के अध्यक्ष अमरदीप सिंह रावत, सचिव मेहरबान सिंह चौहान, सिद्धबली ऑटो यूनियन के अध्यक्ष हरीश बड़थ्वाल, सचिव स्वयंबर प्रसाद, जीएमओयू के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल, गढ़वाल मोटर ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, ई- रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष देवेंद्र कुंडलिया ने कहा कि वाहनों का संचालन पूर्णतया बंद रहेगा। गोपेश्वर में गोपीनाथ टैक्सी यूनियन ने भी वाहनों का संचालन बंद रखने का एलान किया है। यूनियन के अध्यक्ष जगमोहन सिंह रावत ने इस संबंध में जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा है।
उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो के सहायक महाप्रबंधक टीकाराम आदित्य ने बताया कि रोडवेज पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अपनी सेवाएं पूर्ववत संचालित करेगा। बसों की उपलब्धता और यात्रियों की मांग पर व्यवस्था की जाएगी।
कुमाऊं में भी नहीं चलेंगी टैक्सियां और निजी वाहन
हल्द्वानी, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी कुमाऊं टैक्सी यूनियन महासंघ ने आज हड़ताल का आह्वान किया है। इस कारण आज विभिन्न मार्गों पर यात्रियों को सफर करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
टैक्सी, निजी बसों और भारी वाहनों के पहिए जाम रहेंगे। हालांकि टैक्सी यूनियनों की की हड़ताल को देखते हुए रोडवेज ने विशेष व्यवस्था की है। लोहाघाट डिपो के वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी भुवन चंद्र आर्या के मुताबिक यात्रियों की संख्या अधिक रहती है तो रोडवेज अतिरिक्त बसें चलाएगा।