मसूरी में विंटरलाइन कार्निवाल का आयोजन आगामी 25 से 30 दिसंबर तक किया जाएगा। आगे जानिए पूरा शेड्यूल...
मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल की तैयारियों के लिए भले ही जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी हो, मगर आयोजन के लक्ष्य की पूर्ति हो पाएगी इस पर सवाल उठ रहा है। इस साल भी 25 से 30 दिसंबर तक विंटरलाइन कार्निवाल होगा।
इस आयोजन की शुरुआत ऑफ सीजन में टूरिस्ट को मसूरी खींचने के उद्देश्य से की गई थी, लेकिन यह महज अधिकारियों और कुछ स्थानीय लोगों के मनोरंजन का साधन बनकर रह गया है।
हाल यह है कि दून और आस-पास के ही ज्यादा लोगों को इस कार्निवाल के बारे में नहीं पता, फिर देश के अन्य हिस्सों की तो बात करनी ही बेमानी है। पर्यटन इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ कहते हैं कि प्रचार-प्रसार की यही कमी इस आयोजन को उद्देश्यहीन बना देती है।
पिछले साल के कार्निवाल में प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि कई कार्यक्रमों में तो दर्शकों से ज्यादा आयोजन से जुड़े लोगों की संख्या रही है। ऑफ सीजन में पर्यटकों को खींचने के मकसद से 2013 से मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल शुरू किया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष देहरादून के जिलाधिकारी और साचिव एसडीएम मसूरी हैं।
नगर पालिका परिषद मसूरी के अध्यक्ष और स्थानीय विधायक आयोजन समिति के उपाध्यक्ष होते हैं। समिति में पर्यटन, अन्य संबंधित विभागों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि इसके सदस्य होते हैं। आयोजन का पूरा जिम्मा जिला प्रशासन पर होता है। प्रशासन, प्रायोजकों के जरिए इस आयोजन का खर्च उठाता है। इन दिनों कई प्रशासनिक अधिकारी यही खर्च जुटाने के लिए रात-दिन एक किए हुए हैं।