ग्रामीणों के अनुसार, दो बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर मसूरी की तरफ भागे, जबकि तीन बदमाशों को देहरादून की तरफ भागते हुए देखा गया। गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मौके पर मोबाइल नेटवर्क ठीक से न आने के कारण पुलिस को सूचना देने में देरी हो गई। पहले बताया गया कि मामला मसूरी थाना क्षेत्र का है। मसूरी थाने से पुलिस मौके के लिए रवाना हुई।
साथ ही देहरादून से भी कैंट, राजपुर और अन्य थानों से पुलिस बल को मौके के लिए भेजा गया। कुछ देर बाद पता लगा कि यह इलाका कैंट क्षेत्र में आता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी श्वेता चौबे, सीओ मसूरी अरविंद सिंह रावत भी मौके के लिए रवाना हुए। अंधेरा होने और जगह ठीक से ट्रेस न हो पाने के कारण पुलिस को भी मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटे से अधिक का समय लग गया।
पुलिस के पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने पूरी घटना की जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस और ग्रामीणों ने घेराबंदी करते हुए दो बदमाशों को देर रात पकड़ने में सफलता हासिल कर ली थी। साथ ही अन्य बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस देर रात टॉर्च की रोशनी में पूरे क्षेत्र को घेरकर कॉबिंग कर रही थी। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि अभी मामले में कांबिंग चल रही है। उसके बाद ही कुछ बता पाएंगी।
कुछ बदमाशों के देहरादून की ओर भागने की सूचना के बाद अधिकारियों ने शहर में भी पुलिस को अलर्ट कर दिया। शहर के नाकों पर चेकिंग बढ़ा दी गई। साथ ही शहर की सीमाओं को भी सील कर दिया गया। वाहनों को बिना चेकिंग के आने-जाने नहीं दिया गया।