लंबा वीकेंड होने से पहाड़ों की रानी मसूरी में तीन से छह अक्तूबर तक भारी संख्या में पर्यटकों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।
करना पड़ सकता है दिक्कतों का सामना
नगर के अधिकतर स्तरीय होटलों में 97 फीसदी बुकिंग हो चुकी है। नॉन कैटेगिरी वाले होटल और गेस्ट हाउसों ने बुकिंग लेनी बंद कर दी है। ऐसे में बगैर रिजर्वेशन सैर पर आने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी ने बताया लांग वीकेंड के कारण नगर में काफी होटलों में एडवांस बुकिंग हो चुकी है। उन्होंने इस दौरान होटल और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों से अपील की कि पर्यटकों की हरसंभव मदद करें।
भीड़ बढ़ने से होटल और गेस्ट हाउसों में डिस्पले चार्ज ही वसूले, जिससे मसूरी में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों की साख बनी रहेगी।
गेस्ट हाउस, छोटे होटल वालों पर पैनी नजर
लंबे वीकेंड के चलते सैलानियों की भीड़ बढ़ने से छोटे होटल और गेस्ट हाउस वाले हर बार चार से छह गुना तक कमरों का किराया बढ़ा देते हैं। इस पर अंकुश लगाने में पर्यटन विभाग और पुलिस प्रशासन भी मूकदर्शक की भूमिका में रहता है।
इस बार ओवर टैरिफ करने वालों पर हर विभाग की पैनी नजर रहेगी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी योगेंद्र गंगवार ने कहा भीड़ के दौरान होटल, गेस्ट हाउसों पर पैनी नजर रहेगी। इस बावत पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया जा चुका है पर्यटकों से किसी भी प्रकार की लूटपाट न हो।