एसडीएम मनीष कुमार ने शहर के राजमंडी में चौपाल लगाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। साथ ही कई समस्या के निराकरण के लिए संबधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
चौपाल में लोगों ने जाति प्रमाणपत्र, आवास, सफाई सहित कॉलोनी में पुराने पुश्तों से पत्थर गिरने से बने खतरे को एसडीएम से बयां किया। इस पर एसडीएम ने नगर पालिका और लोनिवि को पुश्ते का निरीक्षण कर समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए।
कृष्णा गोदियाल ने राशन कार्ड में बनवाने में समस्या बताई। लोगों ने घरों की छत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने की भी मांग की। सभासद मनीषा खरोला ने कहा कि उनके वार्ड में आवास और पानी की समस्या बनी हुई है। इस पर एसडीएम ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र में वैक्सीनेशन की जानकारी लेने के साथ ही लोगों को उज्ज्वला योजना, स्वरोजगार, आयुष्मान योजना आदि की जानकारी भी दी।
इस दौरान डॉ. प्रदीप राणा, एई टीएस रावत, खाद्य आपूर्ति निरीक्षक विवेक साह, रमेश बिष्ट, विनोद थपलियाल, सुभाष चंद्र वर्मा, वीरेन्द्र बिष्ट सहित कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।