प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अल्पसंख्यक बच्चों को अब सरकार फ्री कोचिंग कराएगी। रोजा इफ्तार कार्यक्रम में शरीक हुए सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के सामने जब ये मांग रखी गई, तो उन्होंने तुरंत इसका ऐलान कर दिया।
सीएम ने कहा कि 50 साल से ऊपर हो चुके हम गुजरे कल का भारत हैं। छोटे-छोटे बच्चे आने वाले कल का भारत हैं। इन्हें बढ़ने के पूरे मौके दिए जाएंगे। मदरसों में कंप्यूटर शिक्षा की तरफ सरकार ने पहले ही कदम आगे बढ़ा दिए हैं और जो भी जरूरत होगी, वो सरकार पूरी करेगी।
बीजेपी नेता शादाब शम्स की ओर से यह कार्यक्रम हरिद्वार रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित किया गया था। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ ही उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी सतपाल महाराज और यशपाल आर्य भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर सीएम ने कहा कि हम सब एक परमात्मा की संतान है। देश की परंपरा सभी के मिल-जुलकर रहने की है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हम धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रहे हैं। चारधाम के अलावा हेमकुंड साहिब और पिरान कलियर में सुविधाएं विस्तार के लिए सरकार प्रयास कर रही है। समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याण के लिए सरकार कृत संकल्प है।