हरिद्वार जिला कोर्ट में पेशी के बाद सदर हवालात गेट के पास हत्या का आरोपी एक कांस्टेबल को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने से कोर्ट परिसर में अफरा तफरी मच गई। कांस्टेबल ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी तो महकमे में भी हड़कंप मच गया।
पुलिस फोर्स सदर हवालात से सटे जंगल में देर शाम तक चप्पा-चप्पा खंगालने में जुटी हुई थी, लेकिन आरोपी का कोई अता पता नहीं चल सका था। एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने मौके पर पहुंचकर फरार कैदी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
27 जून को पीली पड़ाव में मामूली विवाद में एक युवक एकलव्य पुत्र श्याम लाल की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में गांव के ही आरोपी युवक परवेज को श्यामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। शनिवार को एकलव्य हत्याकांड के आरोपी परवेज को जिला जेल से सीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था।
दोपहर करीब पौने तीन बजे कोर्ट में पेशी के बाद कांस्टेबल यशवंत आरोपी को लेकर सदर हवालात की तरफ बढ़ रहा था। इसी दौरान सदर हवालात के पास पहुंचते ही आरोपी परवेज ने अचानक कांस्टेबल पर हमला कर उसे धक्का देकर गिरा दिया। कांस्टेबल जब तक संभल पाता तब तक आरोपी सदर हवालात से सटे जंगल की तरफ भाग निकलने में कामयाब रहा।
आरोपी के फरार होने की सूचना पर सिडकुल पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, एएसपी सदर आयुष अग्रवाल, एसओ प्रशांत बहुगुणा मौके पर पहुंच गए। पुलिस फोर्स ने जिला कोर्ट से सटे जंगल में काबिंग शुरू कर दी। देर शाम तक पुलिस फोर्स जंग का चप्पा चप्पा खंगालने में जुटी रही, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सका। एसएसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।