उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कल्जीखाल ब्लॉक में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। ग्रामीणों ने आरोपी महिला को घर में कैद कर लिया। देर शाम को महिला को हिरासत में लिया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर लिया है।
शनिवार को विकास खंड कल्जीखाल के सीरों गांव निवासी तेजपाल सिंह (40 वर्ष) का शव अपने घर के आंगन में पड़ा मिला। मृतक के भाई देवेंद्र की सूचना पर राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक मृतक के भाई देवेंद्र सिंह ने सुबह सवा पांच बजे तेजपाल को बेसुध अवस्था में घर के आंगन में पड़ा देखा।
उसके सिर पर ईंट से कई वार किए गए थे। खून से सनी ईंट भी तेजपाल के बगल में ही थी। देवेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी राजस्व पुलिस को दी। राजस्व पुलिस को पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
पत्नी आए दिए पति से मारपीट करती रहती थी। तेजपाल ने करीब 18 वर्ष पहले सुमन से दूसरी शादी की थी। दोनों का एक 16 वर्षीय बेटा है, जो झगड़े में बीच-बचाव करता था, लेकिन वह शुक्रवार को किसी शादी समारोह में गया था। मृतक के भाई देवेंद्र ने आशंका जताई कि सुमन ने तेजपाल को पहले धक्का देकर गिराया।
इसके बाद बेहोश होने पर ईंट से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई है। नायब तहसीलदार रामपाल सिंह रावत ने बताया कि मृतक के भाई देवेंद्र सिंह की तहरीर पर पत्नी सुमन उर्फ सरस्वती देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोपी को घर में किया कैद
सीरों गांव के ग्रामीणों ने हत्या की आरोपी सुमन को घर में ही कैद किया था। मौके पर पहुंचते ही उसको ग्रामीणों ने राजस्व पुलिस के हवाले कर दिया।
एक माह में हत्या की है दूसरी घटना
कल्जीखाल ब्लाक में एक माह में हत्या की यह दूसरी घटना है। ब्लाक के डुंक गांव में पांच सितंबर को ग्रामीण मेहरबान सिंह की हत्या की गई थी। मामले में ग्रामीण अरविंद सिंह को राजस्व पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जो न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार में है।