परिजनों के गुहार लगाने के बाद भी हेलीकाप्टर स्टाफ का दिल नहीं पसीजा और यात्री ने हेलीपैड पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना से यात्री के परिजनों और अन्य यात्रियों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने हेलीकॉप्टर स्टॉफ के विरुद्ध जमकर हंगामा काटा।
मौके पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक अभय कुमार सिंह ने मामला शांत कराने की कोशिश करते हुए जानकारी ली। उन्होंने हेलीकॉप्टर स्टॉफ को नियमों व शर्तों के बारे में बताया, लेकिन हेली स्टॉफ के अपनी ही बात पर अडिग रहने से सीओ ने एक सदस्य को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद यात्रियों ने भी हेली स्टाफ की पिटाई कर दी। पुलिस दल द्वारा बीच-बचाव कर स्थिति को शांत किया गया।
घटना के विरोध में हेली कंपनियों ने दो घंटे से अधिक समय तक हेलीकॉप्टर सेवा बंद रखी। उप जिलाधिकारी मेहता के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और पुन: हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हुई। इधर, अपर जिलाधिकारी अरविंद पांडेय ने बताया कि केदारनाथ में यात्री की मौत का मामला संज्ञान में आया है।
यात्रा मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेली कंपनियों के लिए कुछ नियम व शर्तें रखी गई हैं, लेकिन हेली कंपनी द्वारा नियम व शर्तों के विपरीत कार्य किया गया, जिस कारण बीमार यात्री की मौत हुई है। मामले में अगर मृतक के परिजन तहरीर देंगे, तो हेली कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।