कोठा बैंड-उभरेऊ मोटरमार्ग चार साल से खस्ताहाल है। वाहन सवार और ग्रामीणों जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। कई बार अधिकारियों से समस्या बताने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके चलते ग्रामीणों में रोष बढ़ रहा है।
चार साल पहले कोठा बैंड से उभरेऊ तक मोटरमार्ग का निर्माण कराया गया था। लगभग 13 किलोमीटर लंबा यह मार्ग कुछ ही महीनों में जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क से धिरोग, पजिटीलानी, जिसऊ घराना, जिसऊ खराया, सुरेऊ, भंजरा, पंचरा, उभरेऊ बागी सहित दस-बारह गांवों के लोग प्रतिदिन आवाजाही करते हैं। नकदी फसलों को भी इसी मार्ग से मंडी तक ले जाया जाता है। बदहाल हो चुकी सड़क पर हमेशा वाहन चालकों को मशक्कत करनी पड़ती है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र सिंह चौहान, मोहर सिंह चौहान, दाता राम शर्मा, दिनेश शर्मा, स्वरूप सिंह चौहान, कुंदन सिंह चौहान का कहना है कि हाल ही में पजिटीलानी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सडक को ठीक नहीं किया गया तो आंदोलन करेंगे। उधर, लोनिवि कालसी के अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र के अवर अभियंता को सड़क की स्थिति के आकलन के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।