ओला, उबर की तर्ज पर मोटरसाइकिल टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनी रैपिडो के तहत राजधानी की सड़कों पर फर्राटा भर रही मोटरसाइकिलों का अब टैक्सी में पंजीकरण किया जाएगा। परिवहन विभाग की ओर से इसे लेकर कवायद शुरू कर दी गई है।
दो पहिया मोटरसाइकिल सेवाप्रदाता कंपनी रैपिडो की ओर से राजधानी की सड़कों पर लोगों को आने जाने के लिए सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। फिलहाल एक अनुमान के मुताबिक दो हजार के करीब मोटरसाइकिल चालक कंपनी से जुड़े हैं। लेकिन रैपिडो के तहत गाड़ियां के संचालन को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया जब पिछले माह टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनी ओला, उबर के चालको ने इसका विरोध कर दिया।
आखिरकार रैपिडो की ओर से एग्रीगेटर लाइसेंस नहीं लिए जाने और मोटरसाइकिल संचालकों द्वारा टैक्सी के तहत गाड़ियों का पंजीकरण नहीं कराए जाने के चलते विभाग की ओर से ना सिर्फ गाड़ियों के संचालन पर रोक लगा दी गई वरन रैपीडो कंपनी को भी दस्तावेजों के साथ तलब किया गया। लेकिन अब कंपनी के तहत संचालित गाड़ियों को टैक्सी में पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।