कलियर में लावारिस मिली बच्ची को गोद में लिए दंपत्ति।
- फोटो : ROORKEE
पिरान कलियर में एक बार फिर ममता शर्मसार हुई। एक मां अपनी करीब ढाई महीने की बच्ची को रैन बसेरे में छोड़कर फरार हो गई। आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराने के बाद चाइल्ड हेल्प लाइन को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, कलियर स्थित रैन बसेरे में एक महिला अपनी ढाई माह की बच्ची के साथ पिछले कई महीनों से रह रही थी। मंगलवार को वह अपनी बच्ची को रैन बसेरे में छोड़कर अचानक लापता हो गई। बच्ची को रोता बिलखता देख स्थानीयवासी जहांगीर और उसकी पत्नी नसीमा ने आस-पास के कई लोगों को बुला लिया। और भी आस-पास रहने वाले लोगों से बच्ची की मां के बाबत जानकारी ली गई, लेकिन किसी से कुछ पता नहीं चला। इस पर दंपति बच्ची को लेकर कलियर थाने पहुंचे। यहां पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराने के बाद सूचना चाइल्ड हेल्प लाइन हरिद्वार को दी। हाल ही में ऐसा एक और मामला सामने आया था। एक कलयुगी मां करीब दो दिन के बच्चे को झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गई।