सड़क दुर्घटना में चौड़ गांव के तीन लोगों की मौत से मातम पसरा है। बहू बसंती की मौत की सूचना से उसके सास व ससुर बेहोशी की हालत में हैं वहीं बसंती के छोटे बच्चे दादा-दादी से सवाल पूछ रहे हैं कि अब उनकी मां कभी उनको स्कूल भेजने नहीं जाएगी। बच्चों के सवाल को लेकर परिजन सहित सांत्वना देने पहुंच रहे लोग भी भावुक हो रहे हैं।
बृहस्पतिवार को देवाल ब्लॉक के मोपाटा गांव में थराली से बारात गई थी। इस विवाह समारोह में चौड़ गांव के लोगों को दुल्हन पक्ष से निमंत्रण था। चौड़ की बसंती अपने सास, ससुर व तीन बच्चों के साथ गांव में ही रहती थी। शादी के निमंत्रण पर वह बृहस्पतिवार की सुबह अपने बच्चों को स्कूल भेजकर विवाह में शामिल होने नारायण सिंह की कार में मोपाटा गांव गई थी। बसंती के पति कुंवर सिंह मुंबई में नौकरी करते हैं।