- पीजीआई रैंकिंग व जीईआर सुधार पर रहेगा फोकस
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मुताबिक नए साल 2026 में शिक्षा विभाग में छह हजार से अधिक पदों पर भर्ती होगी। वहीं, विभाग का पीजीआई रैंकिंग व जीईआर सुधार पर फोकस रहेगा।
शिक्षा मंत्री के मुताबिक प्राथमिक शिक्षा विभाग के तहत सहायक अध्यापक बेसिक के खाली 1670 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा सहायक अध्यापक (विशेष शिक्षा) के खाली पदों एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत प्रवक्ता के खाली 808 पदों पर भर्ती होगी। जबकि सहायक अध्यापक एलटी के एक हजार से अधिक पदों को नए वर्ष में भरा जाएगा। इसके अलावा समग्र शिक्षा के तहत 324 लेखाकार कम स्पोर्टिंग स्टाफ, 161 विशेष शिक्षक, 95 कैरियर काउंसलर एवं विद्या समीक्षा केंद्र के 18 पदों को भरा जाएगा। शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों एवं विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के खाली 2364 पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरा जाएगा।
-
नए साल में शिक्षा के क्षेत्र में आएगी नई क्रांति : डॉ. रावत
देहरादून। नए साल में शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति आएगी। यह कहना है शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का। उन्होंने कहा, शिक्षा व्यवस्था के विस्तारीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए एनईपी-2020 के तहत नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी। शिक्षा मंत्री के मुताबिक सकल नामांकन अनुपात (जीईआर), पीजीआई रैंकिंग पर फोकस किया जाएगा ताकि देशभर में राज्य दो अंकों से नीचे की रैंकिंग हासिल कर सके। विद्या समीक्षा केंद्र को अपग्रेड करते हुए प्रदेश के शत-प्रतिशत विद्यालयों को इससे जोड़ा जाएगा ताकि सभी विद्यालयों का समस्त डाटा एक क्लिक पर उपलब्ध हो सके।
-
राज्य पाठ्यचर्या रुपरेखा को किया जाएगा लागू
देहरादून। नई शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के तहत राज्य पाठ्यचर्या को लागू किया जाएगा। जिसमें विद्यालयी शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा पर फोकस किया गया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कुल 240 दिवस का शैक्षणिक सत्र तय किया गया है। जिसमें 200 शिक्षण दिवस पठन-पाठन, 20 दिवस परीक्षा व मूल्यांकन एवं 10-10 दिवस बस्ता रहित व अन्य कार्यक्रमों के लिए नियत किए गए हैं। कक्षा 11 से छात्रों को अपने रुचि अनुसार विषय चुनने की स्वतंत्रता भी दी गई है, जिससे वे भविष्य की आवश्यकताओं एवं अपनी अभिरुचियों के अनुसार अध्ययन कर सकेंगे। यह पाठ्यचर्या विद्यालयों की कार्य संस्कृति और प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण बदलाव लाने में सक्षम है।
-
वर्चुअल होगी कक्षाएं, ऑनलाइन पढ़ेंगे छात्र
देहरादून। प्रदेश के नौनिहालों को उच्च स्तरीय व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया करने के लिए डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिसके तहत राज्य के 840 राजकीय विद्यालयों को वर्चुअल क्लास नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इस अभिनव पहल के तहत इन विद्यालयों में हाइब्रिड मोड में शिक्षण व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसके तहत वर्चुअल और स्मार्ट क्लास दोनों माध्यमों में कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।