राजधानी दून में इस साल बादल गरजे तो खूब लेकिन बरसे बेहद कम। आलम यह है कि मानसून सीजन में अब तक दून में सामान्य से 34 फीसदी तक कम बारिश हुई है। पिछले एक हफ्ते में दून में सामान्य की आधी भी बारिश नहीं हुई। वहीं, पूरे प्रदेश में अब तक 32 फीसदी कम बारिश हुई है।
प्रदेश में इस वर्ष मानसून पहुंचने के बाद से बहुत ज्यादा बारिश नहीं हुई। ज्यादातर जिलों में पिछले वर्षों की तुलना में बारिश काफी कम रही है। मौसम विभाग के अनुसार एक जून से 17 जुलाई तक दून में सामान्यत: 455.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी लेकिन अब तक केवल 299.4 मिमी वर्षा ही रिकॉर्ड की गई है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार राजधानी देहरादून में अगले कुछ दिन हल्की बारिश होने के आसार हैं।
राजधानी और आसपास के इलाकों में बुधवार शाम को रुक-रुककर बारिश होती रही। जबकि दोपहर में अधिकतर समय आसमान साफ रहा। इस दौरान हल्की धूप भी खिली रही। उसके बाद काफी देर तक बादल छाए रहे। शाम को मौसम बदला और कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई। गुरुवार को भी दून में हल्के बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में चमक और गरज के साथ बारिश हो सकती है।