आज सुबह राजधानी देहरादून के रेसकोर्स में करीब 20 मिनट झमाझम बारिश हुई। हालांकि उसके बाद मौसम साफ हो गया। वहीं मौसम विभाग ने आज दिनभर बादल रहने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
वहीं आज मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून को लेकर जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी स्थिति के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दें। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले पूरे सप्ताह में बादल छाए रहेंगे। बारिश भी होती रहेगी। आज भी दिनभर बादल रहने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
राजधानी में रविवार को महज 25 मिनट में मौसम ने अपना रंग दिखा दिया। एक ओर 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी आई तो दूसरी ओर महज 25 मिनट में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जिसकी वजह से सड़कों पर पानी लबालब हो गया। आज भी हल्की बारिश के आसार हैं।
रविवार सुबह से तेज धूप और उमस ने जीना मुहाल किया हुआ था। जिसकी वजह से राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शहरभर में 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने लगी। साथ ही बारिश भी शुरू हो गई। 25 मिनट में 23 मिमी बारिश से सड़कें लबालब हो गईं। तापमान में भी करीब पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।