सूर्यदेव की तपिश बेहाल करने के साथ ही गर्मी भी अभी और सताएगी। वैज्ञानिकों का कहना है कि 31 मई तक यह क्रम जारी रहेगा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है जबकि राज्य के शेष स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा।
रविवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 38.2 और न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा।
देहरादून में भी तेज धूप और उमस से रविवार को लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। राजधानी में रविवार को सुबह से अच्छी धूप खिली रही। दोपहर के समय अधिकतम तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच गया। इसके चलते गर्मी काफी तेज हो गई। मौसम विभाग के अनुसार कुछ दिन लगातार गर्मी बढ़ने के आसार हैं। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिन हल्के बादल छाये रह सकते हैं लेकिन इससे तापमान पर बहुत ज्यादा असर पड़ने का अनुमान नहीं है।