सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब किताबें खरीदने के लिए पैसा सीधे उनके बैंक अकाउंट में भेजा जाएगा।
उत्तराखंड सरकार ने पहली बार नौवीं से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) स्कीम के तहत यह धनराशि भेजने की शुरूआत की है। इसके तहत एससी और एसटी के सभी छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा।
केंद्र सरकार डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए तमाम योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचा रही है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए अब स्कूली बच्चों को भी योजना में शामिल किया गया है। पहली बार स्कूली बच्चों को किताबें खरीदने के लिए मिलने वाला पैसा सीधे उनके खाते में भेजा जा रहा है।
प्रदेश में कक्षा नौ से 12वीं तक के एससी व एसटी छात्र-छात्राओं को किताबें खरीदने के लिए पैसा भेजा जाता है। इस वर्ष यह धनराशि सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है। योजना के तहत कक्षा नौ और दस के छात्र-छात्राओं को छह सौ रुपये, 11 व 12 के विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राओं को एक हजार रुपये और कला एवं वाणिज्य वर्ग के छात्र-छात्राओं को एकमुश्त सात सौ रुपये की धनराशि भेजी जाएगी।