ऋषिकेश-धरासू हाईवे पर गंगोत्री विधायक गोपाल रावत के वाहन से एक बाइक की टक्कर होने से बाइक सवार तीन भाई बहन घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए यहां श्रीदेव सुमन संयुक्त अस्पताल में भर्ती किया गया है।
युवती पर अधिक चोटें आई है। डाक्टरों ने तीनों की स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। सोमवार को गंगोत्री विधायक रावत अपने परविर के साथ उत्तरकाशी से देहरादून जा रहे थे।
सुबह 11.30 बजे के लगभग पीटीसी गेट के समीप उनके वाहन के पीछे से आ रही बाइक मोड पर एकाएक विधायक के वाहन से जा टकराई। बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। कार रोककर विधायक घायल तीनों भाई और बहन को लेकर अस्पताल पहुंचे।
इस दुर्घटना में भैसर्क गांव निवासी प्रीतम सिंह (21), राजेश नेगी (20) और अंकिता (17) को चोटें आई है। ये कॉलेज में पढ़ाई करने आ रहे थे। प्रीतम बाइक चला रहा था, लेकिन हेलमेंट नहीं पहना हुआ था।