त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ दिल्ली जाकर मोर्चा खोलने वाले खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की दिक्कतें बढ़ गई है। इस बार उन्हें अपने घर में विरोध का सामना करना पड़ रहा है। चैंपियन के खिलाफ उनके जिले के ही विधायक देशराज कर्णवाल ने मोर्चा खोला है।
चैंपियन और कर्णवाल के बीच वार-पलटवार का सिलसिला जारी है। एक दिन पहले जहां चैंपियन समर्थकों ने झबरेड़ा विधायक पर कई आरोप जड़े थे, वहीं सोमवार को झबरेड़ा विधायक समर्थकों ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर चैंपियन के खिलाफ अपनी बात रखी।
एक स्थानीय होटल में अनुसूचित जाति समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वक्ताओं ने कहा कि विधायक देशराज कर्णवाल की लोकप्रियता से खानपुर विधायक बौखला गए हैं। उनके खिलाफ अनर्गल बयानबाजी बर्दाश्त नहीं करेंगे। विधायक कर्णवाल की वजह से मुंडेट प्रकरण के निरापराध व्यक्तियों पर मुकदमे वापस हुए हैं।
उन्होंने हमेशा ही संविधान के दायरे में रहकर अपनी बात रखी है। जबकि चैंपियन हमेशा अपनी हदें पार करते हैं। समर्थकों ने कहा कि कर्णवाल ने अपने वक्तव्य में कहा था कि देश में कोई राजा नहीं है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है।
आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति के जिला पंचायत सदस्य के साथ चैंपियन समर्थकों ने मारपीट की थी। इससे साफ होता है चैंपियन दलित विरोधी हैं। इस मौके पर रविदास सेना, संविधान बचाओ देश बचाओ अंबेडकर युवा शक्ति संगठन, डॉक्टर अंबेडकर जागरूक मंच, अंबेडकर जनकल्याण समिति, रविदास महासभा, जाटव सभा आदि संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।