साथ मिलकर संगठन के कामों को बढ़ाएंगे
नवनियुक्त पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृट ने कहा कि भाजपा सेवा, संकल्प और समर्पण के मूल्यों पर चलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में अनेकों योग्य कार्यकर्ता हैं। सभी को साथ मिलकर संगठन के कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य भौगोलिक दृष्टि से आपदागस्त राज्य है। कब, कहां आपदा आ जाए, इसका पूर्वानुमान अभी तक संभव नहीं हो पाया है। इस स्थिति में समाज को साथ लेकर उस भयावह स्थिति से निपटने के लिए बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा मात्र हमारी ऐसी सरकार है, जो अपने निर्णयों को और अपने कामों को समाज के सामने हर साल रखती है।
लोकसभा चुनाव की तैयारी में जी-जान से जुट जाएं
उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी व लोकसभा सांसद रेखा वर्मा ने बैठक में आह्वान किया कि सभी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए अभी से 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा, मोदी-धामी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। विपक्ष आज मुद्दा विहीन है। इसीलिए वह झूठ और भ्रम के सहारे लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में हम सबकी यह जिम्मेदारी बन जाती है कि हम विपक्ष के झूठ को बेनकाब करें।
जनता से सीधे संवाद रखें नए पदाधिकारी: अजेय
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कहा कि हम पार्टी व समाज में अपना अच्छा व्यवहार स्थापित कर ही आगे बढ़ सकते हैं। सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी की ओर से बनाई गई योजनाओं को जनता को फायदा दिलवाने के लिए घर-घर जाने का भी आह्वान किया। उन्होंने बैठक में विभागों-प्रकोष्ठों की कार्ययोजना से पदाधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र और जिले स्तर पर विभाग-प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं को समायोजित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नए दायित्वों से जुड़े लोग जनता से सीधा संवाद रखें और संगठन की नीतियों को जन-जन से जोड़कर इसे और अधिक व्यापक बनाएं। सभी ईमानदारी पूर्वक 2024 के लक्ष्य प्राप्ति में जुट जाएं।