आरटीआई कार्यकर्ता चंद्रप्रकाश कुकरेती ने बताया कि ग्राम पंचायत जौरासी में दो नाबालिग लड़कियों के मतदाता पहचान पत्र बनाए गए हैं। शिक्षा विभाग से जब आरटीई के माध्यम से सूचना मांगी गई, तो दोनों लड़कियों की उम्र 18 वर्ष से कम पाई गई। उन्होंने कहा कि शैक्षिक प्रमाणपत्रों के अनुसार दोनों लड़कियों के मतदाता पहचान पत्र फर्जी तरीके से बनाए गए हैं, लिहाजा मामले में कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि एक ओर नाबालिगों के फर्जी तरीके से मतदाता पहचानपत्र बनाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई ग्रामीणों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। एडीएम पौड़ी डा. एसके बरनवाल ने बताया कि नाबालिग का मतदाता पहचानपत्र बनना गंभीर मामला है। मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।