लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज ने आज देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड और कोल्हूखेत क्षेत्र में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा कार्यों में तेजी लाते हुए सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि बीते 20 जुलाई की रात भारी बारिश के कारण लगभग 20 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी और मार्ग की चौड़ाई घटकर करीब 2.5 मीटर रह गई थी। लोक निर्माण विभाग ने तत्काल जेसीबी मशीनों की मदद से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया था। अतिरिक्त पहाड़ कटान की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, जिससे सड़क को सुरक्षित बनाते हुए आवागमन सामान्य रखा जा सके।
सीएम धामी ने सुनीं समस्याएं: अधिकारियों को निर्देश; जनता से कार्यालयों के चक्कर ना कटवाएं, समय से समाधान करें
बताया कि उत्तराखंड की स्लोप ट्रीटमेंट विशेषज्ञ संस्था यूएलएलएमसी ने भी मार्ग के संवेदनशील हिस्सों का निरीक्षण किया है। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षात्मक कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे, ताकि भविष्य में भूस्खलन जैसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने देहरादून-मसूरी मार्ग पर चल रहे डबल लेन पुल निर्माण कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का फैब्रिकेशन कार्य पूरा हो चुका है और पाइलिंग सहित अन्य निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। विभाग ने निर्धारित चरणों का कार्य 30 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।