सीबीआई दिल्ली की टीम ने मंगलवार को देहरादून के दो खनन कारोबारियों के घर छापा मारा। स्थानीय टीम को साथ लेकर गई टीम ने वहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि टीम शाम को दिल्ली रवाना हो गई है। हालांकि, इस बारे में स्थानीय शाखा की ओर से अधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में खनन पट्टों के आवंटन में फर्जीवाड़े की शिकायत पर सोमवार को दिल्ली शाखा में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मुकदमे में सहारनपुर के बसपा से पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल समेत 12 लोग नामजद हैं।
इनमें से दो आरोपी देहरादून के चकराता रोड स्थित आशीर्वाद एन्क्लेव निवासी विकास अग्रवाल और मोहितनगर निवासी पुनीत जैन मूल निवासी चिलकाना रोड सहारनपुर भी शामिल हैं।
मुकदमा दर्ज होने के बाद अग्रिम कार्रवाई के क्रम में मंगलवार को एक टीम इन दोनों के आवासों पर भी पहुंची थी। स्थानीय शाखा के एसपी अखिल कौशिक ने दून में हुई इस कार्रवाई की पुष्टि की है।
हालांकि, अधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है कि वहां से क्या बरामद हुआ आदि? सूत्रों के मुताबिक सीबीआई इन दोनों कारोबारियों के घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को लेकर दिल्ली रवाना हो गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें : https://www.facebook.com/AuNewsDehradun/